Home राज्य मध्य प्रदेश 27 से 29 नवंबर तक होंगी बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियां

27 से 29 नवंबर तक होंगी बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियां

1
0

भोपाल
जाड़े की गुलाबी दस्तक के बीच भोपाल की वादियाँ ‘विश्वरंग 2026’ से गुलज़ार होगी। भाषा और संस्कृति की गौरवशाली विरासत को याद करने और वर्तमान सवालों तथा चुनौतियों के बीच संवाद का महामंच बन चुका यह समागम इस बार प्रवासी उत्सव के नाम से रचा जा रहा है। इस तीन दिवसीय विराट महोत्सव में एशियाई तथा पश्चिमी देशों के प्रवासी भारतीय साहित्यकार, शिक्षाविद्, संस्कृतिकर्मी तथा हिन्दी प्रचारक विशेष रूप से आमंत्रित किये गए हैं। 27 से 29 नवंबर तक गतिविधियाँ रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय तथा हंस ध्वनि सभागार रवीन्द्र भवन परिसर में संपन्न होंगी।
 
यह जानकारी गुरुवार को होटल पलाश में आयोजित प्रेस वार्ता में विश्वरंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने दी। वे विश्वरंग 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले विश्वरंग प्रवासी उत्सव की जानकारी साझा कर रहे थे। प्रेस वार्ता में विश्वरंग के सह-निदेशक एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, विश्वरंग की सह-निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की प्रति कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रवासी भारतीय साहित्य एवम् संस्कृति शोध केन्द्र के सलाहकार-समन्वयक डॉ. जवाहर कर्नावट तथा टैगोर प्रदर्शनकारी एवम् दृश्य कला केन्द्र के समन्वयक तथा संपादक- रंग संवाद श्री विनय उपाध्याय और वनमाली कथा पत्रिका के संपादक श्री कुणाल सिंह भी उपस्थित रहे।
 
27 नवंबर को होगा विश्वरंग प्रवासी उत्सव का शुभारंभ
 संतोष चौबे ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ 27 नवंबर को रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर में उद्‌घाटन सत्र के साथ होगा। उद्‌घाटन अवसर पर हिंदुस्तानी प्रचार सभा, मुंबई के ट्रस्टी अरविंद डेगवेकर, केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक हितेन्द्र मिश्र, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), विदेश मंत्रालय के उप महानिदेशक डॉ. राजेश रंजन तथा पद्मश्री उमाकान्त गुन्देचा सहित देश-विदेश के साहित्य एवं संस्कृति जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर विश्वरंग भाषा अलंकरण एवं हिंदी ओलंपियाड पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा।
 
विश्वरंग भाषा सम्मान
 विश्वरंग प्रवासी उत्सव में बहुचर्चित और प्रतिष्ठित विश्वरंग भाषा सम्मान देश-विदेश के सात महानुभावों को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने वैश्विक स्तर पर हिंदी और भारतीय भाषाओं को गरिमा प्रदान की है। वर्ष 2026 का यह सम्मान मृदुल कीर्ति (ऑस्ट्रेलिया), अर्चना पैन्यूली (डेनमार्क), निलुफर खोद्जायेवा (उज्बेकिस्तान) के साथ ही भारत के तीन भाषाविद् एवं साहित्यकार दामोदर खड़से (पुणे), वी.जी. गोपालकृष्णन (केरल) और अनिल जोशी (नई दिल्ली) को प्रदान किया जाएगा।
 
 अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड का पुरस्कार वितरण
 शुभारंभ समारोह में विश्वरंग फाउंडेशन द्वारा भारत तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए गए अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड के देश-विदेश के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
 
प्रवासी भारतीयों की भाषा, पहचान और साहित्य पर होगा व्यापक विमर्श
 संस्कृति शोध केन्द्र के सलाहकार-समन्वयक डॉ. जवाहर कर्नावट ने बताया कि इस वर्ष विश्वरंग के केंद्र में प्रवासी भारतीय हैं। इसी क्रम में उत्सव के दौरान प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा और पहचान, हिंदी मीडिया, सांस्कृतिक कूटनीति, डिजिटल युग में हिंदी तथा प्रवासी साहित्य जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ‘भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और प्रवासी भारतीय’, ‘प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी: भाषा, पहचान और सांस्कृतिक संक्रमण’, ‘हिंदी मीडिया की बदलती भूमिका-सूचना से उत्पाद तक’, ‘अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सांस्कृतिक कूटनीति में हिंदी की भूमिका’, ‘डिजिटल युग में हिंदी का वैश्विक संसार’ तथा ‘प्रवासी भारतीय साहित्य के बदलते स्वर: कथा, कथेतर और कविता’ जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। इसके साथ ही ‘वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक उपस्थिति और सॉफ्ट पावर के रूप में हिंदी और भारतीय भाषाएं’ तथा ‘विश्वविद्यालयों में हिंदी: अंतरराष्ट्रीय अध्ययन और शोध की संभावनाएं’ जैसे विषय भी विमर्श का हिस्सा होंगे। इन सत्रों में भारत के साथ कतर, रूस, मॉरीशस, ब्रिटेन, अमेरिका, नीदरलैंड, इंडोनेशिया, इटली, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, सिंगापुर, श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, म्यांमार सहित विभिन्न देशों से जुड़े साहित्यकार, शिक्षाविद् और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
 
 हिंदी शिक्षण, अनुवाद और भारतीय ज्ञान परंपरा पर केंद्रित होंगे 28 नवंबर के सत्र
 डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बताया कि 28 नवंबर को प्रवासी भारतीय साहित्य और मुख्यधारा की हिंदी आलोचना पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न समानांतर सत्रों में विदेशों में हिंदी शिक्षण, हिंदी का आर्थिक परिदृश्य, देवनागरी लिपि का मानकीकरण, भारतीय भाषाओं एवं अनुवाद का वैश्विक संसार, प्रवासी हिंदी साहित्य का प्रकाशन तथा भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में देश-विदेश के शिक्षाविद्, लेखक, भाषाविद् और शोधकर्ता अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे। इसके माध्यम से विदेशों में हिंदी की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं और भारतीय भाषाओं के वैश्विक विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद होगा।

साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन
 वनमाली कथा पत्रिका के संपादक कुणाल सिंह ने जानकारी दी कि विश्वरंग की वैचारिकी को समृद्ध करते महत्वपूर्ण प्रकाशनों की श्रृंखला भी आकर्षण का केन्द्र होगी। विश्वरंग फाउण्डेशन की पत्रिकाओं के विशेषांकों के अतिरिक्त कथा, कविता तथा ज्ञान-विज्ञान से जुड़े नए विषयों पर केन्द्रित किताबों की सौगातें भी आगन्तुकों को मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सत्रों में 21 देशों के प्रवासी साहित्यकारों की साहित्यिक कृतियों का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा आईसेक्ट पब्लिकेशन से प्रकाशित 10 वरिष्ठ शायरों की पुस्तकों का विमोचन होगा जिनमें बासित भोपाली, शेरी भोपाल, कैफ भोपाली, असद भोपाली इत्यादि नाम शामिल हैं। विश्वरंग फाउण्डेशन की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं रंग संवाद, विश्वरंग संवाद, वनमाली कथा, इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए तथा वनमाली वार्ता का भी विमोचन किया जाएगा।
 
 देश-विदेश के कवियों की रचनाओं से सजेगी 28 नवंबर की शाम
 28 नवंबर की शाम विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, कतर, कनाडा, म्यांमार, इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों से जुड़े कवियों के साथ देश के प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। कवि सम्मेलन में अनूप भार्गव, लीलाधर मंडलोई, जितेन्द्र श्रीवास्तव, बलराम गुमास्ता, प्रेमशंकर शुक्ल, नुसरत मेहंदी, अनिल जोशी, बिनोद दुबे, नीतू गुजराल, शालिनी वर्मा, नीलेश रघुवंशी, सरस दरबारी, संगीता चौबे, चिन्तामणि मास्टर, शिखा वार्ष्णेय, कृष्ण कन्हैया, इंदु नांदला और ऋषि श्रृंगारी सहित अन्य कवि शामिल होंगे।
 
 ‘द मांगणियार सेडक्शन’ और टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग  प्रतियोगिता से सजेगा तीसरा दिन
 उत्सव के तीसरे दिन 29 नवंबर को सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा। इसकी जानकारी देते हुए विश्वरंग की सह-निदेशक एवं आरएनटीयू की प्रति कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने बताया कि इस दिन विश्वरंग की नई पहल ‘विश्वरंग एक्सपीरियंस’ के अंतर्गत भोपाल के रवींद्र भवन में विश्व प्रसिद्ध संगीतमय प्रस्तुति ‘द मांगणियार सेडक्शन’ का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध नाट्य निर्देशक एवं लेखक रॉयस्टन एबेल के निर्देशन में राजस्थान के मांगणियार समुदाय के 40 कलाकार राजस्थानी लोक एवं सूफी संगीत की विशेष प्रस्तुति देंगे। प्रस्तुति में संगीत, रोशनी और रंगमंच का अनूठा संयोजन देखने को मिलेगा।
इसी दिन बच्चों की कला और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आरएनटीयू एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू) के संयुक्त तत्वावधान में 8वीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन एसजीएसयू परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 5, 6 से 7, 8 से 9 तथा 10 से 12 के विद्यार्थी चार अलग-अलग श्रेणियों में भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को अपनी कल्पना के अनुरूप किसी भी विषय पर चित्र बनाने की स्वतंत्रता होगी। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
 

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here