Home राज्य ट्रंप के दावों पर उठे सवाल, तबाह मिसाइल ठिकानों के बावजूद ईरान...

ट्रंप के दावों पर उठे सवाल, तबाह मिसाइल ठिकानों के बावजूद ईरान फिर बना रहा हथियारें

1
0

वाशिंगटन 
अमेरिका और इजरायल के भारी हमलों के बावजूद ईरान ने हार नहीं मानी है। ताजा आकलन बताते हैं कि ईरान युद्ध से पहले बचाकर रखे गए कलपुर्जों के जरिए चुपचाप अपना मिसाइल जखीरा फिर से तैयार कर रहा है। यह रिपोर्ट ट्रंप प्रशासन के उन दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करती है, जिनमें कहा गया था कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है।

अप्रैल में 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के बाद व्हाइट हाउस ने दावा किया था कि ईरान के 85 फीसदी से ज्यादा रक्षा-औद्योगिक ढांचे को तबाह कर दिया गया है और उसकी बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता पूरी तरह नेस्तनाबूद हो गई है। लेकिन अब अमेरिकी अधिकारियों का खुद मानना है कि युद्ध के पहले के मुकाबले रफ्तार भले ही धीमी हो, पर ईरान का मिसाइल उत्पादन लगातार जारी है।

Ad

खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा तेहरान
ईरान के पास अभी भी ड्रोन्स और कम दूरी की मिसाइलों का बड़ा भंडार मौजूद है। इन्हीं के दम पर वह खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों, रडार सिस्टम और अर्ली-वॉर्निंग ढांचे को लगातार निशाना बना रहा है। ईरानी हमलों से अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को नुकसान भी पहुंचा है, जिसके चलते अमेरिका को अपने कई महत्वपूर्ण उपकरण और ठिकाने वहां से हटाकर इजरायल शिफ्ट करने पड़े हैं। अमेरिकी और इजरायली अधिकारी इजरायल को तुलनात्मक रूप से ज्यादा सुरक्षित मान रहे हैं।

ईरान की असली ताकत का अंदाजा लगाना क्यों है मुश्किल?
ईरान के पास असल में कितनी मिसाइलें बची हैं, इसका सटीक हिसाब लगाना खुफिया एजेंसियों के लिए भी टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। तेहरान अपनी सैन्य क्षमताओं को बेहद गोपनीय रखता है। इसके अलावा वह कई अलग-अलग निर्माताओं से मिसाइलें बनवाता है और जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए तैयार पुर्जों से वह कितनी नई मिसाइलें असेंबल कर सकता है, यह किसी को साफ नहीं है।

किंग्स कॉलेज लंदन के विजिटिंग रिसर्च फेलो और CIA के पूर्व विश्लेषक जिम लैमसन के मुताबिक, युद्ध से पहले ईरान के पास कितना भंडार था, इसकी पक्की जानकारी न होने से आकलन और भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' से कहा कि तमाम गोपनीय जानकारियां होने के बावजूद इस मामले में किसी भी दावे पर पूरी तरह भरोसा करना मुश्किल होता है।

'वे फिर से तैयार हो रहे हैं, नए दौर की जंग की तैयारी'
ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को खत्म करना अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान का मुख्य मकसद था। हमलों के बाद दोनों देशों ने अपनी जीत का ऐलान किया था और इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान का मिसाइल कार्यक्रम कुचल दिया गया है। लेकिन अब खुद एक इजरायली सैन्य अधिकारी ने माना है कि ईरान उन झटकों से उबर रहा है। अधिकारी ने कहा, "वे फिर से निर्माण कर रहे हैं और खुद को हथियारों से लैस कर रहे हैं। तेहरान लड़ाई के एक और बड़े दौर की तैयारी कर रहा है।"

वॉशिंगटन स्थित जियोपॉलिटिकल रिस्क फर्म 'ट्रेंड्स यूएस' के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक बिलाल साब का मानना है कि ईरान की ताकत को सिर्फ उसके हथियारों की संख्या से नहीं तौला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि असली बात यह है कि ईरान उन हथियारों का इस्तेमाल कैसे करता है, और उसके कमांडरों ने अब ज्यादा असरदार तरीके से हमला करने के नए पैंतरे सीख लिए हैं।

ट्रंप क्यों टाल रहे हैं नए हमले?
यह जानकारी ऐसे वक्त में सामने आई है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने वरिष्ठ सलाहकारों से कहा है कि वे ईरान पर नए हमले करने से फिलहाल रुकने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इसके लिए शर्त यह रखी गई है कि तेहरान और यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोही अमेरिका को न उकसाएं।

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब और तुर्की जैसे खाड़ी सहयोगियों ने ट्रंप से अपील की है कि वे फुल-स्केल वॉर दोबारा शुरू न करें। इन देशों का तर्क है कि कड़े प्रतिबंधों और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी से ईरान की अर्थव्यवस्था पहले ही बुरी तरह चरमरा रही है। गुरुवार को ट्रंप ने भी इसी तरफ इशारा करते हुए कहा, "मैं इसे तुरंत खत्म कर सकता हूं, लेकिन जिन देशों की मैं रक्षा करना चाहता हूं, उनके अनुरोध पर हम इसे थोड़ा लंबा और ज्यादा सभ्य तरीके से कर रहे हैं।"

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here