रतलाम
इंदौर से मुंबई सेंट्रल जाने वाली अवंतिका सुपरफास्ट एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान बेटिकट यात्रा कर रहे दंपती ने टीटीई के साथ अभद्रता और हंगामा किया। पुरुष यात्री ने खुद को वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी का छोटा भाई और रेलवे में पदस्थ एसपी को जीजा बताकर धौंस जमाई। करीब पांच घंटे तक चले विवाद के बाद दंपति को दाहोद स्टेशन पर ट्रेन से उतार दिया गया।
घटना का वीडियो मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने के बाद मामला सामने आया। सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने सीनियर डीसीएम हिना केवलरमानी से मुलाकात कर कार्रवाई और रेलकर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
टीटीई मोहम्मद अरमान की शिकायत के अनुसार घटना 10 अक्टूबर 2026 की रात ट्रेन संख्या 12962 के एस-6 कोच में हुई। अरमान साथी टिकट परीक्षकों बलबीर सिंह राठौर और महेश मालवीय के साथ इंदौर से वडोदरा के बीच ड्यूटी पर थे। कोच में बर्थ नंबर 33 से 38 के बीच टिकट जांच के दौरान समेंद्र जैन निवासी देवास नाका इंदौर और उसके साथ महिला यात्री मिली। दोनों का ऑनलाइन वेटिंग टिकट कन्फर्म नहीं होने के कारण स्वतः निरस्त हो चुका था।








