Home देश Gas Cylinder New Rules: LPG यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट, गैस सिलेंडर...

Gas Cylinder New Rules: LPG यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट, गैस सिलेंडर खरीदने की प्रक्रिया में हो सकता है बदलाव

1
0

नई दिल्ली

देश में जल्द ही छोटे कारोबारियों, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, छात्रों, किराए पर रहने वाले लोगों और प्रवासी मजदूरों के लिए रसोई गैस का इस्तेमाल पहले से कहीं ज्यादा आसान हो सकता है। सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) अब 10 किलोग्राम के हल्के कंपोजिट LPG सिलेंडर को घरेलू ग्राहकों के साथ-साथ कमर्शियल ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो यह उन लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत होगी, जिन्हें 19 किलो का भारी कमर्शियल सिलेंडर उठाने और रखने में परेशानी होती है।

Ad

फिलहाल, बाजार में 19 किलो, 5 किलो और 2 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर उपलब्ध हैं। लेकिन 19 किलो का सिलेंडर वजन में काफी भारी होता है, जिसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान नहीं होता। यही वजह है कि छोटे कैफे, चाय की दुकानें, फूड स्टॉल, ठेले वाले और किराए के मकानों में रहने वाले लोग लंबे समय से हल्के और सुविधाजनक सिलेंडर की मांग कर रहे थे। अब तेल कंपनियां इसी जरूरत को देखते हुए 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर को कमर्शियल इस्तेमाल के लिए लॉन्च करने पर विचार कर रही हैं।

यह नया सिलेंडर हाई डेंसिटी पॉलीएथिलीन (HDPE) आधारित एडवांस कंपोजिट तकनीक से तैयार किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में करीब 50% हल्का होता है। कम वजन होने के कारण इसे सीढ़ियों से ऊपर ले जाना, छोटी दुकानों में रखना और रोजाना इस्तेमाल करना काफी आसान हो जाता है। यही नहीं, इसका बाहरी हिस्सा पारदर्शी (Translucent) होता है, जिससे बिना किसी अतिरिक्त गेज के यह आसानी से देखा जा सकता है कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। इससे ग्राहकों को समय रहते रिफिल कराने में भी सुविधा मिलेगी।

अभी ये 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर घरेलू ग्राहकों के लिए सीमित स्तर पर उपलब्ध हैं। HPCL इसे HP Gas Ojas, IndianOil इसे Indane Xtralight और BPCL इसे Bharatgas Lite नाम से बेच रही हैं। अब तेल कंपनियां इसी तकनीक को कमर्शियल ग्राहकों तक भी पहुंचाने की योजना बना रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन्हें गैस एजेंसियों के अलावा चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स पर भी कमर्शियल LPG की कीमत पर बेचा जा सकता है।

10 किलो सिलेंडर की कीमत?
कीमत की बात करें तो फिलहाल दिल्ली में 14.2 किलो घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹942 है, जबकि 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर ₹2,930 में मिलता है। वहीं, 5 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹808.50 है। हालांकि, 10 किलो वाले कमर्शियल कंपोजिट सिलेंडर की कीमत अभी तय नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसकी कीमत 5 किलो और 19 किलो वाले सिलेंडर के बीच हो सकती है।

अगर यह योजना लागू होती है, तो सबसे ज्यादा फायदा उन छोटे कारोबारियों को होगा, जिनकी गैस की जरूरत सीमित होती है। उन्हें अब भारी सिलेंडर ढोने की परेशानी नहीं होगी और गैस खत्म होने का अंदाजा भी आसानी से लग जाएगा। इसके अलावा छोटे शहरों और महानगरों में किराए पर रहने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग और प्रवासी मजदूर भी इस हल्के सिलेंडर का आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे।

यह कदम LPG वितरण व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, आधुनिक और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अगर सरकार और तेल कंपनियां इसे मंजूरी देती हैं, तो आने वाले समय में लाखों छोटे व्यवसायियों और आम उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिल सकता है।

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here