Home खेल भारत ए महिला टीम ने दिखाया दम, पाकिस्तान ए को 59 गेंद...

भारत ए महिला टीम ने दिखाया दम, पाकिस्तान ए को 59 गेंद बाकी रहते रौंदा

20
0

नई दिल्ली
महिला राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के ग्रुप ए के छठे मैच में भारत ए महिला ने पाकिस्तान ए महिला को बुरी तरह हराया। बैंकॉक में खेले गए मुकाबले में भारत ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। भारत ए महिला टीम ने रविवार को महिला एशिया कप 2026 राइजिंग स्टार्स के छठे मुकाबले में पाकिस्तान को 59 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से रौंद दिया। दिनेश वृंदा ने नाबाद 55 रन की दमदार पारी खेली। पाकिस्तान ए महिला टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 93 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारत ए महिला टीम ने वृंदा दिनेश की बेहतरीन बैटिंग की बदौलत 11वें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत ने 10.1 ओवर में दो विकेट खोकर 97 रन बनाए। दिनेश वृंदा को उनके इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पाकिस्तान ए महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक सामना नहीं कर सकी और 18.5 ओवर में 93 रन के स्कोर पर सिमट गई। शवाल जुल्फिकार (23), गुल रुख (21) और अनोशा नासिर 17 रन बनाकर आउट हुईं। शेष आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकीं।

Ad

भारत ए महिला टीम के लिए साइमा ठाकोर, राधा यादव और प्रेमा रावत ने दो-दो विकेट लिये। जिंतिमनी कलिता, मिन्नू मनी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसे पहले ही ओवर में हुमैरा काजी (शून्य) के रूप में पहली ही गेंद पर झटका लगा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आयी अनुष्का शर्मा ने दिनेश वृंदा साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े।

नौंवें ओवर में मोमिना रियासत ने अनुष्का शर्मा (24) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। भारत ए महिला टीम ने 10.1 ओवर में दो विकेट पर 97 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम किया। दिनेश वृंदा ने 29 गेंदों में 12 चौके लगाते हुए नाबाद 55 रनों की पारी खेली। तेजल हसबनीस 12 रन बनाकर नाबाद रही। पाकिस्तान के लिए वाहिदा अख्तर और मोमिना रियासत ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here